प्रियंका गांधी को आज सहारनपुर में रोड शो करना था और उसके बाद वह बिजनौर में रोड शो करने पहुंचतीं लेकिन एन वक्त पर फैसला बदलते हुए उन्होंने पहले बिजनौर में रोड शो करने का फैसला लिया।
प्रियंका गांधी पहले बिजनौर पहुंचीं और रोड शो शुरू किया। रोड शो से पहले कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में हंगामा हो गया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता इस दौरान आमने-सामने आ गए और समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई।
जानकारी के अनुसार यहां एक दुकान पर कुछ भाजपा कार्यकर्ता जमा थे। प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने झंडे दिखाने शुरू कर दिए। इसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया जिस पर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता और समर्थक आमने सामने आ गए।
दरअसल, जब प्रियंका गांधी रोड शो कर रही थीं तब वहां पर कुछ बीजेपी कार्यकर्ता आ गए। तभी प्रियंका ने उनकी ओर इशारा किया और मुस्कुराते हुए उन पर फूल और कांग्रेस का झंडा फेंक दिया। इसके बाद वहां मौजूद बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक मोदी मोदी के नारे भी लगाए। हालांकि पुलिस की मदद से रोड शो शांति से निपट गया। पुलिस ने भाजपा समर्थकों को एक दुकान में बंद कर दिया।